'सुंदरवन राष्ट्रीय उद्यान' भारत के पश्चिम बंगाल राज्य के दक्षिणी भाग में गंगा नदी के सुंदरवन डेल्टा क्षेत्र में स्थित एक राष्ट्रीय उद्यान, बाघ संरक्षित क्षेत्र एवं बायोस्फ़ीयर रिज़र्व क्षेत्र है। यह क्षेत्र मैन्ग्रोव के घने जंगलों से घिरा हुआ है और रॉयल बंगाल टाइगर का सबसे बड़ा संरक्षित क्षेत्र है। यहां पक्षियों, सरीसृपों तथा रीढ़विहीन जीवों प्रजातियाँ भी पायी जाती हैं। इनके साथ ही यहाँ खारे पानी के मगरमच्छ भी मिलते हैं। वर्तमान सुंदरवन राष्ट्रीय उद्यान 1973 में मूल सुंदरवन बाघ रिज़र्व क्षेत्र का कोर क्षेत्र तथा 1977 में वन्य जीव अभयारण्य घोषित हुआ था। 4 मई 1984 को इसे राष्ट्रीय उद्यान घोषित किया गया था।
सुंदरबन, विश्व का सबसे बड़ा डेल्टा है जो 10,200 वर्ग किमी में फैला हुआ है।
यह भारत और बांग्लादेश में फैला है।
भारतीय सीमा के भीतर आने वाले वन का हिस्सा सुंदरबन राष्ट्रीय उद्यान कहलाता है।
यह पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्से में है।
इस वन में बड़ी संख्या में सुंदरी पेड़ हैं जिसके कारण इसे सुंदरबन के नाम से जाना जाता है।
यह रॉयल बंगाल टाइगर के लिए विश्व प्रसिद्ध है।
हाल ही में, पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा सुंदरबन संरक्षित वन क्षेत्र को रामसर कन्वेंशन के तहत मान्यता हेतु आवेदन करने के लिये राज्य वन विभाग को मंज़ूरी प्रदान की गई। रामसर साइट का दर्जा मिलने के बाद सुंदरबन संरक्षित वन क्षेत्र को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर वेटलैंड के रूप में पहचान प्राप्त होगी।